मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह-अल सीसी ने रविवार को कहा कि देश के अपतटीय तेल उद्योग के अंडरवाटर उपकरण को विमान के ब्लैक बॉक्स रिकॉर्डर की तलाश के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने एक टेलीविजन भाषण में कहा, “उनके पास एक पनडुब्बी है, जो पानी में 3,000 मीटर तक नीचे जा सकती है।”
पनडुब्बी के अलावा ब्रिटेन, साइप्रस, ग्रीस और अमेरिका के जहाज व विमान भी मिस्र के एलेक्जेंड्रिया बंदरगाह से परे समुद्र की खाक छान रहे हैं।
मिस्र के सशस्त्र बलों ने शुक्रवार को कहा था कि उन्हें भूमध्यसागर में विमान के मलबे के अलावा यात्रियों का कुछ निजी सामान व अवशेष मिले हैं। यह जगह एलेक्जेंड्रिया से 290 किलोमीटर दूर है।
हालांकि विमान के ब्लैक बॉक्स अब भी पहुंच से बाहर हैं, ऐसे में हादसे की वजह के बारे में पुख्ता रूप से कुछ कह पाना मुश्किल है।
राष्ट्रपति सीसी ने कहा कि हादसे की वजह की पुष्टि करना अभी बाकी है। उन्होंने कहा, “सारे अनुमान संभव हैं।”
इजिप्ट एयर की उड़ान संख्या एमएस804 का गुरुवार को पेरिस से काहिरा आते समय रडार से संपर्क टूट गया था। इसमें 66 यात्री सवार थे, जिनमें से 30 मिस्र के और 15 फ्रांस के थे।
dharmpath.com dharmpath