मिस्र के पूर्व विदेश मंत्री अरब लीग के प्रमुख नियुक्त

काहिरा, 11 मार्च (आईएएनएस)। मिस्र के पूर्व विदेश मंत्री अहमद अबुल-गेइत अरब लीग के नए प्रमुख नियुक्त किए गए हैं। उनकी नियुक्ति महासचिव के पद पर हुई है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, इसके लिए मिस्र की राजधानी काहिरा में अरब लीग परिषद की एक आपात बैठक हुई, जिसमें अबुल-गेइत को अरब लीग के प्रमुख के रूप में नियुक्त करने पर आम सहमति बनी।

वह अरब लीग के निवर्तमान महासचिव नाबिल अल-अराबी (80) का स्थान लेंगे, जिन्होंने पांच साल के दूसरा कार्यकाल की सेवा देने से इनकार कर दिया।

अरब लीग पैक्ट के अनुच्छेद 12 के अनुसार, अरब लीग के महासचिव की नियुक्ति सदस्य देशों के दो-तिहाई मतों से होती है। फिलहाल इसके सदस्यों की संख्या 21 है। सीरिया को उसके आंतरिक संकट के कारण लीग की सदस्यता से निलंबित कर दिया गया है।

अबुल-गेइत ने वर्ष 2004 से 2011 के बीच राष्ट्रपति होस्नी मुबारक की सरकार में मिस्र के विदेश मंत्री के रूप में सेवा दी। मुबारक की सरकार को फरवरी 2011 में जनविरोध के कारण सत्ता से बेदखल होना पड़ा था।

अरब लीग की स्थापना 1945 में हुई थी। यह अरब देशों का एक क्षेत्रीय संगठन है, जिसका उद्देश्य अरब देशों के बीच घनिष्ठ संबंध और क्षेत्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर आपसी समन्वय को बढ़ावा देना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493