काहिरा, 8 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष दूत मुख्तार अब्बास नकवी ने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सिसी से यहां मुलाकात की और उन्हें दिल्ली में आयोजित होने वाले तीसरे भारत-अफ्रीका मंच शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया।
इस संबंध में बुधवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री नकवी ने मंगलवार को एक मुलाकात के दौरान मोदी की तरफ से मिस्र के राष्ट्रपति का अभिवादन किया।
राष्ट्रपति सिसी ने मिस्र तथा भारत के दीर्घकालिक व विशेष संबंधों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि मिस्र विभिन्न क्षेत्रों में भारत के साथ द्विपक्षीय संबंध को बढ़ाने का उत्सुक है।
उन्होंने भारत की राजनीतिक तथा आर्थिक प्रगति की प्रशंसा की, जिसने भारत को तेज गति से आर्थिक विकास करने वाले देशों की श्रेणी में ला खड़ा किया है।
इधर नकवी ने सुरक्षा, राजनीतिक स्थिरता और आर्थिक उपलब्धि को लेकर मिस्र की प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि मिस्र ने अफ्रीकी और एशियाई महाद्वीपों को करीब लाने में जो भूमिका निभाई है, भारत उसकी सराहना करता है।
उन्होंने मिस्र के विशिष्ट स्थानों से भारत के लाभ के अवसर को भी रेखांकित किया।
आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के बारे में मिस्र के राष्ट्रपति ने कहा कि उनका देश भारत से सीखने का इच्छुक है, जिसका नकवी ने स्वागत किया। सिसी ने कहा कि उनका देश आतंकवादी घटनाओं से पीड़ित रहा है।
नकवी ने कहा कि भारत मिस्र में घटित सभी आतंकवादी घटनाओं की कड़े शब्दों में निंदा करता है और आतंकवाद से लड़ाई में मिस्र के साथ है।
भारत-अफ्रीका मंच का तीसरा शिखर सम्मेलन नई दिल्ली में अक्टूबर में आयोजित होना है।
dharmpath.com dharmpath