काहिरा, 29 दिसम्बर (आईएएनएस)। यहां एक चर्च के बाहर शुक्रवार को हुई गोलीबारी में छह लोगों की मौत हो गई।
मिस्र के आंतरिक मंत्रालय ने कहा, “सुरक्षा बलों ने हेलवान जिले में स्थित मार मीना चर्च के पास हुए हमले को विफल कर दिया।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, एक हमलावर मारा गया, जबकि एक अन्य घटनास्थल से मोटरबाइक पर फरार हो गया।
मंत्रालय ने बताया कि मारे गए लोगों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
फिलहाल किसी आतंकवादी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
यह हमला नववर्ष के जश्न के पूर्व और सात जनवरी को मनाए जाने वाले कॉप्टिक क्रिसमस के पहले हुआ है।
मिस्र एक मुस्लिम बहुल देश है और इसके ईसाई अल्पसंख्यक कुल आबादी के लगभग 10 फीसदी है।
ईसाई समुदाय के अधिकांश लोग कॉप्टिक ऑर्थोडॉक्स चर्च से ताल्लुक रखते हैं।
अप्रैल में टांटा के सेंट जॉर्ज चर्च और एलेक्जेंड्रिया के सेंट मार्क्स कॉप्टिक ऑर्थोडॉक्स कैथ्रेडल में हुए आत्मघाती हमले में 45 लोग मारे गए थे।
इन हमलों की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस ) ने ली थी।
dharmpath.com dharmpath