काहिरा, 20 फरवरी (आईएएनएस)। मिस्र की एक अदालत ने सोमवार को 2012 के स्टेडियम नरसंहार के लिए 10 लोगों को मौत की सजा सुनाई। इस नरसंहार में 70 से अधिक लोग मारे गए थे।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, मृतकों के रिश्तेदार अपने प्रियजनों की तस्वीरें लेकर काहिरा के कोर्ट ऑफ कैसेशन में जमा हुए थे, जो पोर्ट सईद में हुए नरसंहार में मारे गए थे।
यह नरसंहार एक फरवरी, 2012 को हुआ था और इस दौरान पोर्ट सईद के फुटबॉल क्लब अल-मसरी और काहिरा के फुटबॉल क्लब अल-अहली के बीच मैच के दौरान, समर्थकों पर चाकू, तलवार, क्लब्स, पत्थर, बोतल से हमला किया गया था, जिसमें 74 लोग मारे गए थे और 200 घायल हुए थे।
पोर्ट सईद अपराध न्यायालय ने जून, 2015 में 11 लोगों को मौत की सजा सुनाई थी, जिसमें से एक को सजा उसकी अनुपस्थिति में सुनाई गई थी।
हिंसा और हत्या के लिए 73 लोगों को आरोपित किया गया था, जिसमें से 21 बरी हो गए। जबकि कुछ वरिष्ठ राजनीतिज्ञों और खेल अधिकारियों को कुछ वर्षो की जेल की सजा सुनाई गई है।
dharmpath.com dharmpath