मुंबई फिल्म महोत्सव के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज

मुंबई, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। 18वें जियो मामी फिल्म महोत्सव के खिलाफ अंबोली पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें एक पाकिस्तानी फिल्म दिखाई जानी है।

पृथ्वी मस्के ने शनिवार को यह शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आईएएनएस से कहा,”हमने मामी फिल्म महोत्सव के खिलाफ अंबोली पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है। इसमें पाकिस्तानी फिल्म दिखाने की योजना है। हमारे इरादे बिल्कुल स्पष्ट हैं। अगर महोत्सव में फिल्म दिखाई गई, तो हम इसके खिलाफ इनफिनिटी मॉल के बाहर प्रदर्शन करेंगे, जहां यह कार्यक्रम चल रहा है।”

मस्के मुंबई में संघर्ष फाउंडेशन नामक एक गैर सरकारी संगठन के अध्यक्ष हैं।

उल्लेखनीय है कि 18वां जियो मामी मुंबई फिल्म महोत्सव 20 अक्टूबर से शुरू होगा। इसमें 1959 की पाकिस्तानी फिल्म ‘जागो हुआ सवेरा’ दिखाई जाएगी। यह फिल्म ए.जे. कादर द्वारा निर्देशित है।

इस फिल्म महोत्सव में 54 देशों की 180 से अधिक फिल्में दिखाई जाएंगी। इनमें फीचर, वृत्तचित्र, लघु फिल्में शामिल होंगी।

जम्मू एवं कश्मीर के उड़ी कस्बे में एक सैन्य शिविर पर 18 सितंबर को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध खराब हो गए। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने पाकिस्तानी कलाकारों को भारत छोड़ने की धमकी दी और कहा कि भारत में पाकिस्तानी कलाकारों की फिल्में प्रदर्शित नहीं करने दी जाएंगी।

इसके बाद इंडियन मोशन पिक्च र्स प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने एक प्रस्ताव पारित कर भारत में निर्मित हो रहीं फिल्मों में पाकिस्तानी कलाकारों के काम करने पर प्रतिबंध लगा दिया, क्योंकि यह संस्था उड़ी आतंकी हमले की पाकिस्तानी कलाकारों द्वारा निंदा न किए जाने से नाराज थी।

इसके प्रतिक्रियास्वरूप पाकिस्तानी सिनेमाघरों के मालिकों ने भी भारतीय फिल्मों के प्रदर्शन पर रोक लगा दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493