मुरैना-मध्य प्रदेश के मुरैना शहर के नेहरू पार्क क्षेत्र में पाइपलाइन मरम्मत के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नगर निगम की जेसीबी मशीन द्वारा खुदाई के दौरान पीएनजी (घरेलू गैस) लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिसके बाद करीब 20 फीट ऊंची आग की लपटें उठने लगी। हादसे में तीन लोगों के झुलस जाने की खबर सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, एक सप्ताह से फूटी पानी की पाइपलाइन को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम की टीम मौके पर खुदाई कर रही थी। इसी दौरान पानी की लाइन के ऊपर से गुजर रही गैस पाइपलाइन बैकहो लोडर मशीन की चपेट में आकर टूट गई। गैस रिसाव होते ही आग भड़क उठी। पास ही स्थित नाश्ते की दुकान पर जल रही भट्टी के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और दुकान का छप्पर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
इस हादसे में कन्हैया मिष्ठान दुकान के संचालक विमल गुप्ता और उनके बेटे पावश गुप्ता झुलस गए। वहीं, पास में मोटर वाइंडिंग की दुकान चलाने वाले अख्तर खान भी आग की चपेट में आ गए। जिसकी वजह से उनके चेहरे और बाल झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पीएनजी कंपनी के कर्मचारी और नगर निगम की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों के अनुसार, जिस गैस पाइपलाइन में आग लगी थी उसमें नियमित सप्लाई फिलहाल बंद थी और केवल टेस्टिंग के लिए कुछ गैस मौजूद थी। यदि उस समय सप्लाई चालू होती तो हादसा कहीं ज्यादा गंभीर हो सकता था। इस घटना ने शहर में बिछाई गई पीएनजी पाइपलाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस तरह की लापरवाही पर चिंता जताई है।
dharmpath.com dharmpath