मीरपुर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खिलाफ शुक्रवार को हुए एकमात्र टी-20 मैच में बांग्लादेश की ओर से तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया और अपने पदार्पम मैच में ही उन्हें दोनों टीमों के कप्तानों ने सराहा।
मुस्तफिजुर ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए चार ओवरों में मात्र 20 रन देकर दो विकेट चटकाए और पाकिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश को टी-20 में पहली जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की।
वेबसाइट ‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ के अनुसार, बांग्लादेश की कसी हुई गेंदबाजी के आगे पाकिस्तान मात्र 142 रनों की चुनौती पेश कर सका, जिसे बांग्लादेश ने मात्र तीन विकेट गंवाकर हासिल कर लिया और सात विकेट से मैच जीत लिया।
मैच के बाद बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा ने कहा, “पदार्पण मैच में उसने (मुस्तफिजुर) शानदार गेंदबाजी की। तेज गेंदबाजों को जितना समर्थन मिलेगा वे उतना ही अच्छा करेंगे। और जितना ही बेहतर वे गेंदबाजी करेंगे हमारे जीतने की संभावनाएं भी उतनी ही ज्यादा होंगी।”
मुस्तफिजुर ने शुरुआती दो ओवरों में मात्र पांच रन दिए और अपने पहले अंतर्राष्ट्रीय विकेट के रूप में पाकिस्तान के कप्तान शाहिद अफरीदी को पवेलियन भेजा।
अफरीदी ने भी मुस्तफिजुर की सराहना करते हुए कहा, “मेरे विचार से हमारी शुरुआत अच्छी नहीं रही। उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की, खासकर पदार्पण करने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर ने। मैं उसका नाम नहीं भूल सकता। उसने बहुत ही परिपक्वता से कई तरह की गेंदें डालीं। उसने बहुत अच्छी गेंदबाजी की।”
dharmpath.com dharmpath