ढाका, 30 जून (आईएएनएस)। हाल में भारत के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला जीतकर बांग्लादेश क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले कप्तान मशरफे मुर्तजा ने अपने फेसबुक फैन पेज को निष्क्रिय कर दिया है।
मुर्तजा ने बांग्लादेश की वेबसाइट बीडीन्यूज24 डॉट कॉम को बताया कि उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी नासिर हुसैन द्वारा लगाई गई एक तस्वीर पर आए कुछ अभद्र टिप्पणियों से नाराज होकर और अपने साथी खिलाड़ी का समर्थन जताने के लिए यह कदम उठाया।
दरअसल, हुसैन ने उस फेसबुक पेज पर भारत के साथ श्रृंखला जीतने के बाद अपनी छोटी बहन के साथ घर लौटने की तस्वीर लगाई थी। इसी तस्वीर पर कई भद्दी प्रतिक्रियाएं आईं।
इसके बाद हुसैन ने उस तस्वीर को हटा लिया और फिर मुर्तजा ने भी प्रशंसकों के इस आचरण की सार्वजनिक तौर पर आलोचना की।
मुर्तजा ने कहा, “मैंने यह पेज केवल नासिर के लिए बंद किया। नासिर के प्रति अपना समर्थन और ऐसी घटनाओं के खिलाफ विरोध जताने के लिए मैंने ऐसा किया। अगर फेसबुक पेज पर हमें इस प्रकार के बुरे अनुभव का सामना करना पड़ रहा है तो मुझे इसकी जरूरत नहीं है।”
dharmpath.com dharmpath