यहां शुक्रवार को आग के विशेषज्ञों की एक अंतर्राष्ट्रीय टीम ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह वही स्थान है, जहां से 2014 में कॉलेज के 43 विद्यार्थी लापता हो गए थे।
विशेषज्ञों की टीम के प्रवक्ता रिकाडरे डैमियन टोरेस ने मेक्सिको के अटॉर्नी जनरल के कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बताया, “इस बात के पर्याप्त सबूत हैं कि कोकुला में कचरे के ढेर में बहुत बड़ी आग लगी थी। इसके निशान देखे जा सकते हैं। ”
इस संदर्भ में फोरेंसिक जांच रिपोर्ट जारी की गई। विद्यार्थियों के लापता होने के बाद से यह तीसरी फोरेंसिक जांच रिपोर्ट है। इस जांच दल में मेक्सिको के दो, अमेरिका के तीन और पेरू के एक आग मामलों के विशेषज्ञ हैं। इन्होंने छह सप्ताह तक इस घटना की जांच की।
टोरेस ने बताया कि जांच से यह भी पता चलता है कि कचरे के ढेर में 17 लोगों को जलाया गया। हालांकि, इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि वे शव लापता विद्यार्थियों के थे।
26 सितंबर 2014 में गुएरेरो के अयोटजिनापा के एक स्थानीय शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज के 43 विद्यार्थियों को इगुआला और गुएरेरो की पुलिस ने पकड़ा था। ये छात्र मेक्सिको सिटी में छात्रों के नरसंहार की 46वीं बरसी में शामिल होने जा रहे थे।
गौरतलब है कि सात नवंबर 2014 को अटॉर्नी जनरल कार्यालय (पीजीआर) की ओर से कहा गया था कि विद्यार्थियों की हत्या की गई है और उनके अवशेषों को कोकुला के कचरे के ढेर में जला दिया गया।
dharmpath.com dharmpath