‘मेक इन इंडिया’ के लिए मोदी का कजाकिस्तान को आमंत्रण

अस्ताना, 7 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कजाकिस्तान से दोनों साझीदारों के लिए लाभकारी भारत के मेक इन इंडिया, स्मार्ट सिटीज व शहरी बुनियादी ढांचा कार्यक्रम में हिस्सा लेने का अनुरोध किया।

एक व्यापार सम्मेलन के दौरान दोनों देशों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) को संबोधित करते हुए मोदी ने विकास व प्रगति के लिए कजाकिस्तान की तारीफ की।

उन्होंने कहा कि चारों तरफ भूमि से घिरे होने के बावजूद विकास के पथ पर अग्रसर हुआ है, जिसकी प्रशंसा करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि इंडियन ऑयल फर्म कजाकिस्तान के विस्तृत ऊर्जा क्षेत्र में नई प्रौद्योगिकी का निवेश कर सकता है।

मोदी ने कृषि तथा दुग्ध उत्पादन में सहयोग का भी प्रस्ताव किया।

उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया पहल पूरी तरह से कजाकिस्तान के राष्ट्रपति नूरसुल्तान नजरबायेव के नूर्ली झोल कार्यक्रम से मेल खाता है।

मोदी ने कहा, “मैं आपको मेक इन इंडिया के लिए आमंत्रित करता हूं। आपके पास कच्चा माल है और हमारे पास श्रमशक्ति है। हम इस क्षेत्र में सहयोग कर सकते हैं।”

उन्होंने कजाकिस्तान को भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण में हिस्सेदारी के लिए भी आमंत्रित किया, जिसमें 100 फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की अनुमति है।

उन्होंने कहा, “स्मार्ट सिटीज, कस्बों का आधुनिकीकरण, शहरी बुनियादी ढांचा जैसे क्षेत्रों में कजाकिस्तान हिस्सा ले सकता है।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारे बीच जितना सहयोग बढ़ेगा, हमारे देशों के लिए यह उतना ही लाभकारी होगा।”

उन्होंने कहा, “अंतरिक्ष, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा जैसे क्षेत्रों में हम मिलकर काम कर सकते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493