नई दिल्ली, 27 जून (आईएएनएस)। दिल्ली गोल्फ क्लब (डीजीसी) ने मंगलवार को अपने एक सदस्य के मेघालय के मेहमान से बदसलूकी करने पर माफी मांगी है।
क्लब ने मेघालय के एक शख्स को वहां के पारंपरिक परिधान जैनसेम पहन कर आने पर क्लब से बाहर निकाल दिया था। क्लब ने कहा है कि उसने इस तरह का व्यवहार करने वाले स्टाफ पर कड़ी र्कारवाई करने का फैसला किया है।
क्लब ने हालांकि कहा है कि मेहमान से क्लब को बाहर जाने को नहीं कहा गया था। क्लब का मानना है कि इस मुद्दे को वेबजह राजनीतिक रंग दिया गया है।
क्लब द्वारा जारी किए गए बयान में हालांकि यह बात साफ नहीं है कि उसने मेघालय के शख्स से माफी मांगी है या नहीं।
क्लब के सचिव राजीव होरा ने कहा, “राष्ट्रीय अखबारों और सोशल मीडिया पर दिल्ली गोल्फ क्लब में एक सदस्य के मेहमान से तथाकथित दुर्व्यवहार की खबरें सामने आई हैं। क्लब ने सिर्फ उस शख्स के ड्रेस कोड को लेकर आपत्ति जताई थी, यह बात प्रबंधन की नजरों में आई है।”
बयान में कहा गया है कि सदस्य से क्लब ने माफी मांग ली है।
बयान के अनुसार, “स्टाफ द्वारा दी गई सफाई को सुना गया है और उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।”
उन्होंने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस घटना को राजनीतिक और सांस्कृतिक रंग दिया गया।”
क्लब में रविवार के दिन तैलिन लिंगदोह अपनी नियोक्ता निवेदिता बारठाकुर के साथ गई थीं। उन्हें क्लब के सदस्य ने लंच के लिए बुलाया था।
लंच के 15-20 मिनट बाद क्लब के दो अधिकारियों ने लिंगदोह से ड्रेस का हवाला देते हुए टेबल छोड़ने और क्लब से बाहर जाने को कहा, साथ ही तथाकथित तौर पर नस्ली टिप्पणी भी की।
लिंगदोह ने आईएएनएस से कहा, “हमें दिल्ली गोल्फ क्लब में लंच पर बुलाया गया था। हम सभी बैठे हुए थे और खाना परोसा जाना था। अचानक से क्लब के अधिकारी हमारे पास आए और मुझसे बाहर जाने को कहा।”
उन्होंने कहा, “मैंने कारण जानने की कोशिश की। उन्होंने मुझसे कहा कि उनकी ड्रेस नौकरानियों की तरह है। उन्होंने कहा कि मैं कचरे के डिब्बे की तरह लग रही हूं।”
लिंगदोह मेघालय से लांगटोर गांव से ताल्लुक रखती हैं।
उन्होंने कहा, “मैंने विश्व भर और भारत के अलग-अलग इलाकों में काफी सफर किया है और कई होटलों और क्लबों में खाना खाया है। लेकिन किसी ने भी मुझसे इस तरह का व्यवहार नहीं किया।”
dharmpath.com dharmpath