एम्सटर्डम, 26 मार्च (आईएएनएस)। हॉलैंड फुटबाल के दिग्गज खिलाड़ी मार्को वान बास्टेन ने कहा कि दिवंगत जोहान क्रूफ उनके आदर्श थे।
कैंसर से पीड़ित 68 वर्षीय क्रूफ ने गुरुवार को बार्सिलोना स्थित अपने निवास पर अंतिम सांस ली।
वान ने 1981 से 1987 तक एजेक्स के साथ अपने कार्यकाल के दौरान क्रूफ के साथ खेला था।
डच फुटबाल पत्रिका ‘वोएटबाल इंटरनेशनल’ की रिपोर्ट के अनुसार, बास्टेन ने कहा, “क्रूफ हमेशा से मेरे आदर्श रहे हैं। मैंने 1970 के दशक में एजेक्स में क्रूफ के साथ कई दिग्गज खिलाड़ियों को खेलते देखा।”
बास्टेन ने कहा, “उन्होंने लगातार तीन बार यूरोपियन कप खिताब जीते। उन्हें देखना हमेशा से शानदार रहा था। क्रूफ तो हमेशा से मेरा ध्यान अपनी ओर खींच लेते थे। वह टीम हमेशा से अच्छी थी, लेकिन क्रूफ एक बेहतरीन खिलाड़ी थे।”
हॉलैंड फुटबाल के 51 वर्षीय पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ने कहा कि जब वह 15 वर्ष के थे, तो उन्होंने पहली बार क्रूफ से मुलाकात की थी।
dharmpath.com dharmpath