मेरे जीवन की सर्वश्रेष्ठ पारी है यह : नायर

चेन्नई, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे पांचवें टेस्ट मैच में सोमवार को तिहरा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज करुण नायर ने इस पारी को अपने जीवन की सर्वश्रेष्ठ पारी बताया है।

नायर तिहरा शतक लगाने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में चल रहे टेस्ट मैच के चौथे दिन सोमवार को 303 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने 759 रनों का रिकॉर्ड स्कोर हासिल किया।

नायर का तिहरा शतक पूरा होते ही भारत ने अपनी पहली पारी सात विकेट के नुकसान पर 759 रनों पर घोषित कर दी। नायर ने अपनी इस बेहतरीन पारी में 381 गेंदों का सामना किया और 32 चौके तथा एक छक्का लगाया।

नायर ने लेग स्पिनर आदिल राशिद की गेंद पर चौका लगाकर अपना तिहरा शतक पूरा किया। करियर का तीसरा टेस्ट मैच खेल रहे नायर का यह पहला टेस्ट शतक था और पहले शतक के तौर पर तीहरा शतक लगाने वाले वह दुनिया के तीसरे और भारत के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

नायर से पहले वीरेंद्र सहवाग ने भारत के लिए दो तिहरे शतक लगाए थे जिसमें से एक शतक इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया गया था।

दिन का खेल खत्म होने के बाद नायर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “यह मेरे जीवन की सर्वश्रेष्ठ पारी है। मैच के दौरान राहुल, अश्विन और जडेजा के साथ कई ऐसे मौके आए जब मुझे अलग तरीके से खेलना पड़ा। मैं उनका मेरा साथ देने और मुझे प्रोत्साहित करने के लिए आभार व्यक्त करता हूं। पहला शतक हमेशा ही महत्वपूर्ण होता है और मुझे लगता है कि मैने जब अपना पहला शतक बनाया तो मुझ पर किसी तरह का दबाव नहीं था। मैं सिर्फ अपने शॉट खेल रहा था।”

कर्नाटक के इस बल्लेबाज की यह उपलब्धि उनके मात-पिता की मौजूदगी में और भी खास हो गई। उनके माता-पिता मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद थे। नायर ने उन पर विश्वास करने के लिए टीम प्रबंधन का शुक्रिया अदा किया।

नायर ने कहा, “मेरे पिता मेरे ज्यादातर मैच देखते हैं। मुझ पर इसको लेकर कोई दवाब नहीं था। मैं शुक्रगुजार हूं कि वह यहां मेरा मैच देखने आए। मुझे लगता है कि उन्हें मुझ पर गर्व होगा।”

नायर ने कहा, “तीसरे सत्र में मुझे रन गति तेज करने का संदेश मिला। हमें तय ओवरों तक पारी घोषित करनी थी लेकिन जब मैं 300 के करीब पहुंचा तो उन्होंने मेरा साथ दिया। मैं टीम प्रबंधन का आभारी हूं।”

नायर के अलावा सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल की 199 रनों की नायाब पारी की बदौलत भारत ने इंग्लैंड पर पहली पारी के आधार पर 282 रनों की बढ़त ले ली। लेकिन राहुल जल्दबाजी के कारण अपने पहले दोहरे शतक से चूक गए।

नायर से जब पूछा गया कि क्या उन्होंने राहुल को उनके आउट होने के तरीके को लेकर ताना मारा तो उन्होंने कहा, “राहुल शानदार खिलाड़ी हैं। वह जल्द ही 200 रन बना लेंगे। पिच दिन ब दिन बेकार होती जा रही है। नए बल्लेबाज के लिए बल्लेबाजी करना आसान नहीं है। यह अब ज्यादा स्पिन भी ले रही है। उम्मीद है यह कल और ज्यादा स्पिन करेगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493