मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। अपनी फिल्म ‘तलवार’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजी गईं फिल्मकार मेघना गुलजार का कहना है कि उनके पिता और प्रख्यात गीतकार व कवि गुलजार उनके सबसे बड़े आलोचक नहीं, बल्कि ‘पक्षपाती’ हैं।
मेघना ने आईएएनएस से कहा, “मेरे पिता मेरे सबसे बड़े आलोचक नहीं हैं। वह पक्षपाती हैं। हां, मेरी मां ईमानदार हैं। सच्चाई हमेशा कड़वी लगती है, लेकिन अरसे बाद वही सही लगती है।”
मेघना ने कहा कि ‘तलवार’ के लिए उन्हें सबसे अधिक प्रशंसा अपने पिता से मिली।
मेघना ने कहा, “फिल्म देखने के बाद मेरे पिता लगभग 40 मिनट के लिए एक प्रकार से चुप हो गए। यह मेरे लिए सबसे बड़ी तारीफ थी। वह सच्चाई की गंभीरता को देखते हुए बोल नहीं पाए। साथ ही फिल्म देखने के बाद दर्शकों का रवैया इसका दूसरा कारण था। किसी ने भी फिल्म या तकनीक के बारे में बात नहीं की। सभी मामले पर चर्चा कर रहे थे। पूरी टीम के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि थी।”
आरुषी तलवार हत्याकांड पर आधारित इस फिल्म में इरफान खान के साथ कोंकणा सेन शर्मा और तब्बू ने भी काम किया है।
dharmpath.com dharmpath