मेड्रिड, 19 मई (आईएएनएस)। स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब रियल मेड्रिड के गोलकीपर कोस्टारिका के केलर नावास ने स्वीकार किया है कि क्लब के साथ पहला साल बेहद मुश्किलों भरा रहा। नावास ने साथ ही इन अटकलों को भी खारिज किया कि वह रियल मेड्रिड से अलग होने वाले हैं।
ऐसी खबरें हैं कि इंग्लिश प्रीमियर क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के गोलकीपर डेविड डी गिया रियल मेड्रिड से जुड़ने वाले हैं और ऐसे में नावास की विदाई हो सकती है।
सत्र की शुरुआत से नावास ने रियल मेड्रिड के साथ केवल 11 मैच खेले हैं। इनमें छह ला लीगा, तीन कोपा डेल रे और दो चैम्पियंस लीग के मैच हैं। नावास की कुछ बड़ी गलतियों के कारण इन मैचों में रियल मेड्रिड को आठ गोल झेलने पड़े।
नावास ने सोमवार को कहा, “अगर मैं मीडिया से कुछ नहीं कहता तो इसका यह मतलब नहीं है कि मेरे लिए यह मुश्किल साल नहीं रहा। मैं और ज्यादा मौके हासिल करना चाहता था। उम्मीद करता हूं कि अगले सत्र में मुझे यह मौका मिलेगा।”
डी गीया के रियल मेड्रिड से जुड़ने संबंधी खबरों पर नावास ने कहा कि यह बस अटकलें हैं और वह ऐसी बातों पर ध्यान नहीं देते।
dharmpath.com dharmpath