मेड्रिड, 10 फरवरी (आईएएनएस)। अर्जेटीना फुटबाल टीम के कोच एडगाडरे बौजा ने देश के करिश्माई स्ट्राइकर लियोनेल मेसी के मौजूदा प्रदर्शन की सराहना की है।
यूरोप दौरे पर चल रहे एडगाडरे ने गुरुवार को स्पेनिश क्लब एटलेटिको मेड्रिड के अभ्यास सत्र में हिस्सा लेने के बाद कहा कि मेसी बेहतर फॉर्म में चल रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि मेसी के नेतृत्व में स्पेनिश क्लब बार्सिलोना कोपा डेल रे के फाइनल में प्रवेश कर चुका है।
समाचार एजेंसी एफे ने एडगाडरे के हवाले से कहा है कि मेसी पिछले दो महीनों से लगातार बेहतर होते जा रहे हैं।
यूरोप दौरे पर एडगाडरे इससे पहले इटली गए थे, जहां उन्होंने जुवेंतस, लाजियो और इंटर मिलान के लिए खेलने वाले अर्जेटीनी खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखा। इसके बाद वह स्पेन आए और बार्सिलोना तथा एटलेटिको के बीच कोपा डेल रे के सेमीफाइनल के दूसरे चरण का मैच देखा।
यह मैच 1-1 से बराबर रहा था, जिसमें बार्सिलोना के लिए सुआरेज ने मेसी के पास पर गोल किया था।
बार्सिलोना के साथ मेसी की करार अवधि में विस्तार को लेकर एडगाडरे ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि यह मेसी का निजी मामला है।
एडगाडरे ने हालांकि अर्जेटीना के लिए चिली और बोलीविया के खिलाफ होने वाले विश्व कप क्वालिफायर के आगामी दो मैचों में अच्छे अंतर से जीत हासिल करने को जरूरी बताया है।
dharmpath.com dharmpath