मैं एंटी-डोपिंग परीक्षण में फेल रही : शारापोवा (लीड-1)

लॉस एंजेलिस, 8 मार्च (आईएएनएस)। रूस की टेनिस स्टार मारिया शारापोवा ने सोमवार को घोषणा कर बताया कि जनवरी में आस्ट्रेलियन ओपन के दौरान हुए ड्रग टेस्ट में वह असफल हुई हैं।

‘बीबीसी’ की रिपोर्ट से यह जानकारी मिली।

शारापोवा ने यहां सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण 2006 से ही ‘मिल्ड्रोनेट’ नामक दवा ले रही हैं। उन्हें पता नहीं था कि इस दवा को इस वर्ष की शुरुआत में विश्व डोपिग रोधी एजेंसी (वाडा) द्वारा निषिद्ध सूची में शामिल कर लिया गया है।

रूस की टेनिस स्टार द्वारा घोषणा किए जाने के एक घंटे बाद अंतर्राष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट में बताया कि 28 वर्षीया खिलाड़ी पर 12 मार्च से प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।

इस मामले में पहली बार असफल होने वाले खिलाड़ियों पर आमतौर पर दो साल का प्रतिबंध लगाया जाता है।

आईटीएफ ने आगे बताया कि जनवरी में हुए आस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सेरेना विलियम्स से हारने के बाद हुए ड्रग टेस्ट में असफल हुईं शारापोवा पर दो मार्च को डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगा था।

शारापोवा ने कहा कि वह पिछले 10 साल से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण ‘मिल्ड्रोनेट’ नामक दवा ले रही हैं, जिसका ड्रग टेस्ट में परिणाम ‘पॉजीटिव’ आया है।

मिल्ड्रोनेट को मिल्डोनियम नाम से भी जाना जाता है, जिसे मधुमेह या मैग्निशियम की कमी के इलाज में इस्तेमाल किया जाता है।

शारापोवा ने कहा, “मैं अक्सर बीमार रहने लगी थी और मुझमें मैग्निशियम की कमी हो गई थी। मेरे परिवार में पहले भी कई लोगों को मधुमेह की शिकायत रही है। मुझमें भी इसके लक्षण दिखने लगे थे और इसीलिए मैंने अन्य दवाओं के साथ इस दवा को लेना शुरू किया।”

टेनिस स्टार ने कहा, “आपके लिए यह समझना बेहद जरूरी है कि पिछले 10 साल से यह दवा वाडा की प्रतिबंधित दवाओं की सूची में नहीं थी लेकिन एक जनवरी को नियम बदल गए और इसे सूची में शामिल कर लिया गया, जिसके बारे में मुझे पता नहीं था।”

महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) के टूर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) स्टीव सिमोन ने वाडा द्वारा नियमों में किए गए बदलाव पर निराशा जताते हुए कहा कि शारापोवा को नियमों के बारे में पता होना चाहिए था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493