मेड्रिड, 10 नवंबर (आईएएनएस)। पेरिस सेंट जर्मेन के मिडफील्डर एंजेल डी मारिया ने इस बात का खुलासा किया है कि वह एक समय पर स्पेनिश क्लब बार्सिलोना में शामिल होने के बेहद करीब पहुंच गए थे।
मारिया ने कहा कि वह ग्रीष्मकालीन ट्रांसफर विंडो के दौरान बार्सिलोना क्लब में शामिल होने वाले थे।
स्पेनिश वेबसाइट ‘मार्का’ को दिए एक बयान में अर्जेटीना के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मारिया ने कहा, “मैं ग्रीष्मकालीन सत्र में बार्सिलोना में शामिल होने के जितने करीब था, उतना दूर भी था।”
मारिया ने कहा, “इन क्लबों में शामिल होना बहुत मुश्किल है। मैंने हालांकि, इसकी आशा कभी नहीं छोड़ी, लेकिन आखिरकार ऐसा नहीं हो पाया।”
अर्जेटीना के 29 वर्षीय खिलाड़ी मारिया ने कहा कि बार्सिलोना के चिर प्रतिद्वंद्वी क्लब रियल मेड्रिड में अपने पिछले अनुभव के बावजूद भी बार्सिलोना में शामिल होने की उनकी कोशिश पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
रियल के पूर्व खिलाड़ी मारिया ने कहा, “मेरा पिछला समय कभी भी कोई मुद्दा नहीं रहा। मैं रियल का प्रशंसक नहीं हूं और जब भी मुझसे बात की जाती है, इस बारे में जरूर पूछा जाता है।”
dharmpath.com dharmpath