मुंबई, 22 मार्च (आईएएनएस)। फिल्म ‘3 स्टोरीज’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री मासूमी मखीजा का कहना है कि वह महत्वाकांक्षी नहीं हैं और उनका झुकाव रचनात्मकता की ओर अधिक रहता है।
मासूमी को ‘3 स्टोरीज’ में उनके प्रदर्शन के लिए सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और उन्होंने अब तक जो परियोजनाएं की हैं वह उनसे खुश हैं।
उन्होंने कहा, “मैंने कुछ बहुत अच्छे फिल्मकारों के साथ काम किया है फिर चाहे वह फिल्म मकबूल में विशालजी (विशाल भारद्वाज) हों या फिर महेश भट्ट साब (वो लम्हे के निर्माता) हों क्योंकि वे आपके पास एक स्पष्टता के साथ आते हैं जो वह उस किरदार के लिए चाहते हैं।”
उन्होंने आईएएनएस से कहा, “मुझे लगता है कि यह वह चीज है जिसने मुझे उस किरदार को करने में मदद की। मैं उन लोगों की शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मेरी प्रस्तुति को पसंद किया। मैं पारंपरिक रूप से बहुत महत्वकांक्षी नहीं हूं।”
शायद यही कारण है कि वह फिल्मों में अक्सर दिखाई नहीं देती हैं।
उन्होंने कहा, “मैं महत्वाकांक्षी नहीं बल्कि एक रचनात्मक व्यक्ति हूं इसलिए यह यात्रा काफी आंतरिक है। मैं एक रचनात्मक व्यक्ति के रूप में नई चीजों को करने की कोशिश करना चाहती हूं.. और भूमिका की लंबाई मेरे लिए कभी मायने नहीं रखती है बल्कि उसकी चुनौतियां और महत्व मायने रखता है।”
‘3 स्टोरीज’ में मासूमी वर्षा नामक एक गृहिणी की भूमिका निभा रही हैं जो अपने पति का दुर्व्यवहार सहते आ रही है।
dharmpath.com dharmpath