पणजी, 27 जून (आईएएनएस)। मशहूर रेस्तरां श्रंखला मैकडोनल्ड्स देश में अपनी श्रंखला के विस्तार पर अगले कुछ साल में 700-750 करोड़ रुपये निवेश करेगी। यह विस्तार खास तौर से नए शहरों में होगा। यह बात सोमवार को कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कही।
मैकडोनल्ड्स इंडिया (पश्चिम और दक्षिण) के उप व्यापार संचालन अध्यक्ष रंजीत पालियाट ने कहा कि कंपनी के खास तौर से भारत के लिए बनाए गए शाकाहारी मेनू को सिंगापुर और मध्य पूर्व में भी पसंद किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मैकडोनल्ड्स के मेनू में समोसा और डोसा जैसे भारतीय खाद्य सामग्रियों की जगह ग्राहकों की प्रतिक्रिया पर निर्भर करती है।
भारत में 1996 में कारोबार शुरू करने के तुरंत बाद रेस्तरां श्रंखला ने शाकाहारी मेनू लांच किया था।
उन्होंने कहा, “इसे सिंगापुर और मध्य पूर्व में परखा गया। उन जगहों पर आलू-टिक्की और मैकवेजी को स्वीकार किया गया है।”
dharmpath.com dharmpath