मैच के दौरान चोटिल हुए बंगाल के क्रिकेट खिलाड़ी की मौत

कोलकाता, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। मैदान पर एक कैच लेने के प्रयास में गंभीर रूप से चोटिल हुए बंगाल के पूर्व अंडर-19 कप्तान अंकित केशरी का दिल का दौरा पड़ने से सोमवार तड़के एक अस्पताल में निधन हो गया।

वेबसाइट क्रिकइंफो के अनुसार, केशरी को शुक्रवार को कोलकाता के जाधवपुर विश्वविद्यालय स्टेडियम में ईस्ट बंगाल और भवानीपुर के बीच खेले जा रहे बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के डिवीजन-1 नॉकआउट मैच के दौरान चोट लगी थी।

वह एक कैच पकड़ने के प्रयास में अपनी साथी खिलाड़ी सौरव मंडल से टकरा गए। केशरी दरअसल इस मैच में अर्नब मंडी की जगह पर स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतरे थे।

भवानीपुर की पारी के 44वें ओर में यह घटना हुई जब सौरव गेंदबाजी कर रहे थे। सौरव अपनी ही गेंद पर एक कैच को पकड़ने के प्रयास में कवर की ओर दौड़े। इस बीच डीप कवर पर क्षेत्ररक्षण कर रहे केशरी भी उस कैच के प्रयास में दौड़े और सौरव से टकरा गए।

उस समय प्वाइंट क्षेत्र में क्षेत्ररक्षण कर रहे शिवसागर सिंह के अनुसार सौरव का घुटना केसरी के सिर और गर्दन में लगा। दोनों वहीं गिर गए और केशरी के मुंह से खून निकलने लगा और उनकी सांसे भी बंद हो गई। इसके बाद शिवसागर के प्रयास पर केशरी ने थोड़ी प्रतिक्रिया दी और तब उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

सीएबी के सचिव विश्वरूप डे के अनुसार डॉक्टरों ने रविवार को केशरी की हालत स्थिर बताई थी, लेकिन वह लगातार बुखार से पीड़ित थे।

केशरी को वेंटिलेटर पर रखा गया था। सोमवार को उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सक के पास ले जाने की योजना थी, लेकिन इससे पहले ही सोमवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493