मैनचेस्टर, 26 जुलाई (आईएएनएस)। लॉड्स क्रिकेट मैदान पर मिली हार से वापसी करते हुए इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने ओल्ड ट्राफोर्ड मैदान पर चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के दूसरे मैच में सोमवार को पाकिस्तान को 330 रनों के करारी मात देते हुए श्रृंखला में 1-1 से बराबरी कर ली है।
इंग्लैंड ने अपनी शानदार बल्लेबाजी के दम पर मेहमानों को 565 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था। पाकिस्तान की टीम अपनी दूसरी पारी में महज 234 रनों ही बना सकी और मैच हार गई। इंग्लैंड की पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे सबसे बड़ी जीत है।
इंग्लैंड के लिए क्रिस वोक्स, जेम्स एंडरसन, मोइन अली ने दूसरी पारी में तीन-तीन विकेट लिए। वोक्स ने पहली पारी में चार विकेट अपने नाम किए थे।
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 589 रनों का विशाल स्कोर बनाया था। उसके लिए इस पारी में जोए रूट (254) ने शानदार दोहरा शतक बनाया था। उनके अलावा कप्तान एलेस्टर कुक (105) ने भी शतकीय पारी खेली थी। रूट ने इस पारी में पहले कुक के साथ तीसरे विकेट के लिए 185 रनों की साझेदारी की। उसके बाद वोक्स (58) के साथ पांचवे विकेट के लिए 103 और बेयरस्ट्रो (34) के साथ सातवें विकेट के लिए 106 रनों की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर प्रदान किया।
रूट 577 के कुल स्कोर पर वहाब रियाज का शिकार बने। उन्होंने अपनी पारी में 406 गेंदों का सामना करते हुए 27 चौके लगाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया।
पहले टेस्ट में अपनी लेग स्पिन से सुर्खिया बटोरने वाले यासिर शाह को इस पारी में एक विकेट ही मिला। इंग्लैंड की दूसरी पारी में वह एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके। रियाज ने तीन विकेट अपने नाम किए।
मजबूत स्कोर का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम वोक्स से पार नहीं पा सकी और अपनी पहली पारी में सिर्फ 198 रनों पर ढेर हो गई। उसकी तरफ से कप्तान मिस्बाह उल हक ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए। सबको उम्मीद थी की कुक मेहमानों को फॉलोऑन के लिए आमंत्रित करेंगे, लेकिन हुआ इससे उलट। उन्होंने पाकिस्तान को फॉलोऑन न देते हुए दूसरी पारी खेलने का फैसला किया।
पाकिस्तान के लिए एक बार फिर कुक और रूट से निपट पाना नामुमकिन साबित हुआ। इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी एक विकेट के नुकसान पर 173 रनों पर घोषित कर दी। कुक 76 और रूट 71 रनों पर नाबाद लौटे।
पाकिस्तान को जीत के लिए अपनी दूसरी पारी में 565 रन बनाने थे, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने उन्हें यह लक्ष्य हासिल नहीं करने दिया। दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज मोहम्मद हफीज ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 42 रन बनाए।
dharmpath.com dharmpath