डोमेन डी बेल ओम्ब्रे (मॉरिशस), 5 मई (आईएएनएस)। भारतीय गोल्फ खिलाड़ी राहिल गंगजी गुरुवार को जब 11 लाख डॉलर इनामी राशि वाले एफ्राशिया बैंक मॉरिशस ओपन गोल्फ टूर्नामेंट में खेलने उतरेंगे तो अपनी मां के गृहनगर में वह खिताबी जीत हासिल करना चाहेंगे।
गंगजी की मां नाजिराह मॉरिशस के इस विश्वविख्यात पर्यटक स्थल की रहने वाली हैं तथा गंगजी अपनी मां के लिए इस टूर्नामेंट को जीतना चाहते हैं।
गंगजी ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति जारी कर कहा, “अगर में जीत सका तो यह बेहद रोमांचक होगा। यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने सरीखा होगा। मॉरिशस मेरे घर की तरह है, क्योंकि मेरी मां मॉरिशस की ही रहने वाली हैं।”
उन्होंने कहा, “मेरी आंटी यहीं रहती हैं और सोमवार को जब मैं उनके साथ डिनर कर रहा था तो उन्होंने कहा कि ‘तुम यह कर सकते हो, यह तुम्हारा घर है’। मुझ पर अभी थोड़ा दबाव है, लेकिन परिवार से यहां मुझे समर्थन मिलेगा जिससे यहां खेलने में मजा आएगा।”
गंगजी ने कहा, “मैं कोशिश करूंगा कि मां मेरा खेल देखने आएं, लेकिन वह अभी-अभी अमेरिका से मेरी बहन के यहां से लौटी हैं।”
एशियान टूर में एक खिताब जीत चुके गंगजी यहां टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले 132 खिलाड़ियों में शामिल हैं। यह टूर्नामेंट एशियन, यूरोपियन और सनशाइन टूर तीनों से मान्यता प्राप्त पहला टूर्नामेंट है।
मॉरिशस में एकदूसरे को चुनौती देने वाले शीर्ष खिलाड़ियों में दक्षिण अफ्रीका के जॉज कोइटी, डेनमार्क के थॉमस बजॉर्न, आस्ट्रेलिया के स्कॉट हेंड और थाईलैंड के किराडेक एफिबार्नराट शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath