मॉस्को, 12 जून (आईएएनएस)। रूस की राजधानी मॉस्को में प्रमुख विपक्षी नेता अलेक्सी नेवलनी द्वारा भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शन का स्थान बदलने के बाद पुलिस की चेतावनी के बावजूद सोमवार को कई जगह विरोध प्रदर्शन हुए।
समाचार एजेंसी ‘एफे’ के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के घोर आलोचक और 2018 के राष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवार नेवलनी ने रविवार रात एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने अपने समर्थकों से शहर के अधिकारियों द्वारा आवंटित पूर्वोत्तर इलाके की जगह मध्य मॉस्को में एकत्र होने का आग्रह किया।
नेवलेनी ने कहा, “हम सखारोवा स्ट्रीट पर अपनी रैली को रद्द करते हुए इसे शांतिपूर्वक तरीके से तेवरसकाया में स्थानांतरित कर रहे हैं।”
इस कदम को प्रशासन ने ‘उकसावा’ करार दिया और इसकी निंदा की। अधिकारियों को पुश्किन स्क्वेयर और ट्वर्सकाया स्ट्रीट के आसपास होने वाले प्रदर्शन से रूस दिवस समारोह के बाधित होने का डर था।
यह वार्षिक उत्सव सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्वो में से एक है।
नेवलेनी ने कहा कि विरोध प्रदर्शन स्थल में बदलाव का निर्णय अधिकारियों द्वारा आवंटित क्षेत्र में किसी भी कंपनी द्वारा राजनीतिक रैली के लिए आवश्यक मंच, ध्वनि प्रणाली और अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों को स्थापित करने के लिए न तैयार होने के बाद लिया गया।
मॉस्को के प्रॉसिक्यूटर कार्यालय ने कहा, “हम चेतावनी देते हैं कि मॉस्को में अवैध तरीके से प्रदर्शन का कोई भी प्रयास कानून का सीधा उल्लंघन होगा।”
कार्यालय द्वारा यह चेतावनी दी गई कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा बन रही किसी भी कार्रवाई को रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएंगे।
एक स्थानीय रेडियो स्टेशन को एक बयान में मॉस्को के पुलिस प्रमुख व्लादिमीर चर्निकोव ने चेतावानी देते हुए कहा कि अधिकारी तख्तियों और नारों के साथ शांति भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार कर सकते हैं।
रूस के 212 शहरों में भ्रष्टाचार विरोधी रैलियों का आयोजन किया गया है।
dharmpath.com dharmpath