लाहौर, 24 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) मंगलवार को मुख्य चयनकर्ता मोइन खान के खिलाफ जांच शुरू कर दी।
कथित तौर पर मोइन वेस्टइंडीज के खिलाफ बीते शनिवार को हुए मैच से दो दिन पहले क्राइस्टचर्च में एक कसीनो में देखे गए थे। पाकिस्तान यह मैच 150 रनों से बुरी तरह हार गया था।
ऐसा माना जा रहा है कि यदि मोइन दोषी पाए गए तो उन्हें पाकिस्तान वापस बुला लिया जाएगा। कथित तौर पर मोइन अपनी पत्नी के साथ तड़के 3.0 बजे कसीनो गए थे।
वेबसाइट ‘क्रिकइंफो डॉट कॉम’ पर पीसीबी के अध्यक्ष शहरयार खान के हवाले से कहा गया है, “मोइन खान के कसीनो जाने के आरोप पर हमने जांच शुरू कर दी है, और यदि खबर सही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।”
शहरयार ने कहा, “प्रारंभिक खबरों के मुताबिक, वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच से दो दिन पहले मोइन वहां भोजन करने के लिए गए थे, जहां एक पाकिस्तानी दंपति ने उनकी तस्वीरें ले लीं और वीडियो भा बना लिया। हम किसी को बलि का बकरा नहीं बनाना चाहते और कोई भी कार्रवाई करने से पहले घटना की जांच करेंगे।”
उल्लेखनीय है कि मोइन खान विश्व कप के लिए पाकिस्तान की ओर से भेजे गए आधिकारिक दल का हिस्सा नहीं हैं, इसके बावजूद वह टीम की बैठकों में हिस्सा ले सकते हैं और यदि उन्हें आमंत्रित किया जाता है तो मैच के दौरान वह टीम के ड्रेसिंग रूम में भी जा सकते हैं।
मोइन अमूमन मैच के दौरान खिलाड़ियों से बात करने से बचते हैं, हालांकि कई बार वह मैच के दौरान मैदान से ठीक बाहर खिलाड़ियों के साथ बैठे नजर आए।
dharmpath.com dharmpath