हीले (नेपाल), 1 मार्च (आईएएनएस)। भारत के असगर अली और मोहम्मद मुस्तफा ने नेशनल टाइम स्पीड डिस्टेंस (टीएसडी) चैम्पियनशिप में लगातार चौथे दिन बुधवार को अपनी बढ़त कायम रखी है।
बिस्व बांग्ला हिमालय ड्राइव-5 में अब सिर्फ एक चरण और रह गया है।
बुधवार को रेस दार्जिलिंग से शुरू हुई और देश के सबसे ऊंचाई 7,407 फुट पर स्थित रेलवे स्टेशन घूम होते हुए भारत-नेपाल की सीमा पर स्थित पशुपतिनगर पहुंची।
नेपाल के अंदर प्रवेश करते ही रेस तराई इलाकों से होते हुए पूर्वी-पश्चिमी राजमार्ग से दाहिने नदी के किनारे-किनारे धूल भरे रास्ते पर आगे बढ़ गई।
चौथे दिन की रेस में चालकों ने कुल 258 किलोमीटर की दूरी तय की।
रेस का आखिरी 20 किलोमीटर का हिस्सा सबसे चुनौतीपूर्ण था, जिसमें तीखी ढलान, नदी के कटान वाले मार्ग और धूल भरे रास्ते थे।
नेपाल में जहां रेस का चौथा चरण समाप्त हुआ, एक समारोह में स्थानीय आम नागरिकों द्वारा चालकों को सम्मानित किया गया। चालकों को पारंपरिक दुपट्टा ‘खडास’ से सम्मानित किया गया। रेस के दौरान कई जगहों पर बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भारत, भूटान और नेपाल के झंडे लिए चालकों का उत्सावर्धन करते दिखे।
इस मैराथन रैली का अंतिम चरण गुरुवार को होगा। गुरुवार को हिले से सिलीगुड़ी के बीच 250 किलोमीटर की रेस होगी। अली और मुस्तफा यदि अंतिम चरण में अपनी बढ़त कायम रखते हैं तो वे दूसरी बार यह खिताब जीतेंगे।
dharmpath.com dharmpath