पेरिस, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दक्षिणी फ्रांस स्थित टुलूज के लिए रवाना हुए, जहां वह एयरबस सेवा और फ्रांसीसी अंतरिक्ष एजेंसी सीएनईएस का दौरा करेंगे।
फ्रांस के विदेश मंत्री लॉरेंट फैबियस भी टुलूज दौरे में मोदी के साथ हैं। मोदी इसके बाद लिल जाएंगे, जहां वह प्रथम विश्व युद्ध के दौरान शहीद हुए 10,000 भारतीय सैनिकों को नेउवे चैपल युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
मोदी उसके बाद पेरिस लौटेंगे और पूर्व फ्रांसीसी राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी से मुलाकात करेंगे। साथ ही वह भारतीय समुदाय की ओर से उनके सम्मान में दी जाने वाली दावत में शरीक होंगे।
मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रपति फ्रास्वा होलांद के साथ बैठक में हिस्सा लिया और दोनों पक्षों ने 17 समझौतों एवं तीन आशय पत्रों पर हस्ताक्षर भी किए।
भारत ने कहा कि वह जल्द से जल्द 36 राफेल लड़ाकू जेट विमानों की खरीददारी करेगा।
तीन देशों की यात्रा के तहत गुरुवार रात फ्रांस पहुंचे मोदी रविवार को जर्मनी रवाना होंगे और उसके बाद वह कनाडा की यात्रा पर जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath