मोदी ने फ्रांस में भारतीय शहीदों को दी श्रद्धांजलि (लीड-1)

पेरिस, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। फ्रांस दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नेउवे चैपेल स्थित भारतीय स्मारक में प्रथम विश्व युद्ध के दौरान शहीद हुए भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

उत्तरी फ्रांस के नेउवे चैपेल के पास यह स्मारक उन 4,700 भारतीय सैनिकों व मजदूरों की याद में बना है, जिन्होंने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान अपने प्राणों की आहूति दे दी थी।

प्रधानमंत्री द्वारा शहीदों को याद करते समय राष्ट्रगान बजाया गया।

इसके बाद मोदी स्मारक में उस जगह पहुंचे, जहां शहीद जांबाजों के नाम दीवारों पर गुदे हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने ट्वीट किया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेउवे चैपेल स्थित शहीद स्मारक पर बहादुरों की वीरता को याद किया।”

अकबरूद्दीन ने एक अन्य ट्वीट किया, “प्रधानमंत्री ने भारतीय शहीदों के नेउवे चैपेल स्मारक को गढ़वाल के प्रथम विश्वयुद्ध स्मारक की एक प्रतिकृति भेंट की।”

इस स्मारक को ब्रिटिश वास्तुविद् सर हर्बर्ट बेकर ने डिजाइन किया था, जिसका अनावरण सात अक्टूबर, 1927 को अर्ल ऑफ बिरकेनहेड ने किया था।

मोदी शनिवार दोपहर टुलूज से उत्तरी फ्रांस के शहर लिली पहुंचे।

भारतीय प्रधानमंत्री जैसे ही वहां पहुंचे, विद्यार्थियों ने जोश और उत्साह में ‘मोदी’ ‘मोदी’ के नारे भी लगाए।

इससे पहले मोदी ने टुलूज स्थित एयरबस संयंत्र का दौरा किया और फ्रेंच अंतरिक्ष एजेंसी (सीएनईएस) गए।

वह लिली से पेरिस के लिए रवाना होंगे, जहां वह फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी व भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493