मोदी श्रीलंका पहुंचे

कोलंबो, 13 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह श्रीलंका पहुंचे, जहां उनके श्रीलंकाई समकक्ष रानिल विक्रमसिंघे ने उनका स्वागत किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “श्रीलंका के प्रधानमंत्री विक्रमसिंघे ने सुबह 5.30 बजे अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।”

मोदी तीन देशों-मॉरीशस, सेशेल्स और श्रीलंका की यात्रा के लिए 10 मार्च को रवाना हुए थे। वह मॉरीशस और सेशेल्स का दौरा कर चुके हैं। श्रीलंका उनका आखिरी पड़ाव है। पिछले 28 साल में श्रीलंका का दौरा करने वाले वह भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं।

अकबरुद्दीन ने ट्विटर पर श्रीलंकाई समाचार-पत्रों की एक तस्वीर भी साझा की है, जिसमें मोदी का गर्मजोशी से स्वागत करने से संबंधित समाचार हैं।

उन्होंने ट्वीट किया, “सुप्रभात श्रीलंका..समाचार-पत्रों में खूब जगह मिली।”

मोदी की श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रिपाला सिरिसेना से बातचीत होनी है, जिन्होंने जनवरी में पदभार ग्रहण करने के बाद अपने पहले विदेशी दौरे के रूप में भारत को चुना था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493