नई दिल्ली, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। परिवहन के सेहतमंद और इको-फ्रेंडली विकल्प के रूप में साइकलिंग का प्रचार करने का प्रयास करने वाली मोबाइसी, एमिटी विश्वविद्यालय के साथ मिलकर डॉकलेस बाइक्स किराए पर देने जा रही है। इससे विद्यार्थियों को कैम्पस घूमने में आजादी होगी।
मोबाइसी के सह-संस्थापक आकाश गुप्ता ने कहा, “एमिटी विश्वविद्यालय के विद्यार्थी कैम्पस के लंबे मार्गों को कवर करने के साथ जल्द ही आसपास के इलाकों, बाजार व अन्य जगहों तक जाने के लिए 5 रुपये/आधा घंटे की शुरुआती दर पर इन साइकिलों को किराए पर लिया जा सकता है। हम भविष्य में इन साइकिलों को पूरे नोएडा में उपलब्ध कराएंगे जो प्रसिद्ध जगहों, बाजार, मेट्रो स्टेशनों और अन्य जगहों के पास उपलब्ध होंगी।”
मोबाइसी की इन डॉकलेस साइकिलों को तीन से छह किलोमीटर के अंदर के छोटे सफर के लिए किराए पर लिया जा सकता है। पार्किं ग स्टेशनों तक सीमित रहने के स्थान पर, मोबाइसी एप के प्रयोक्ता किसी भी सार्वजनिक स्थान पर निकटतम साइकिलों को आसानी से लोकेट कर सकते हैं और मोबाइसी एप के माध्यम से डिजिटल क्यूआर कोड को स्कैन करके साइकिल के लॉक को खोल सकते हैं।
एमिटी विश्वविद्यालय के प्रतिनिध डॉ. संजीव बंसल ने कहा, ” इस साझेदारी के जरिए विद्यार्थियों को इस प्रांगण में घूमने के लिए पैदल चलने या तकलीफ देने वाले, महंगे और कठिनाई से उपलब्ध होने वाले परिवहन की जरूरत नहीं होगी। बल्कि, वे आसानी से पैडल मारते हुए अपने मार्ग पर जा सकते हैं और सब्सिडी की कीमतों पर परिवहन के सेहतमंद, सस्ते और इको-फ्रेंडली माध्यम का आनंद ले सकते हैं।”
मोबाइसी ने इससे पहले दिल्ली और फरीदाबाद में अपनी सेवाओं की शुरुआत की थी। मेट्रो स्टेशनों और बाजार जैसी प्रसिद्ध जगहों में उपलब्धता के साथ, मोबाइसी ने फरीदाबाद में मानव रचना यूनिवर्सिटी के साथ भी साझेदारी की थी।
dharmpath.com dharmpath