मोसुल के पास आईएस का हमला नाकाम, 63 आतंकी मारे गए

बगदाद, 12 मई (आईएएनएस)। इराक में आत्मघाती हमलों में 93 लोगों की मौत के एक दिन बाद गुरुवार को सुरक्षा बलों ने मोसुल शहर के पास आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के बड़े हमले को नाकाम कर दिया। सुरक्षा बलों ने 63 आतंकियों को मार गिराने में सफलता पाई है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, एक सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि संघर्ष में दो सैनिक जख्मी हुए हैं।

आईएस का हमला तड़के शुरू हुआ। मोसुल से 50 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में मखमौर के पश्चिम में स्थित सुरक्षा बलों और उनके सहयोगी सुन्नी कबाइली अर्धसैनिक बलों के ठिकानों की तरफ बड़ी संख्या में आईएस आतंकी बढ़ते देखे गए। उन्होंने विस्फोटक बेल्ट पहन रखी थीं।

सुरक्षा बलों ने संघर्ष में चार कार बमों को निष्क्रिय कर दिया और 63 आतंकियों को मार गिराया। सुरक्षा बलों का साथ अमेरिका के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना के विमानों ने दिया।

आईएस ने गुरुवार को सुरक्षा बलों पर दो और हमले किए। इनमें पांच आत्मघाती हमलावर शामिल थे। हमला बगदाद के अबु गरीब और रमादी के उत्तर में अल्बु ईथा इलाके में हुआ। इन दोनों हमलों को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493