लंदन, 4 अगस्त (आईएएनएस)। ब्रिटेन के लंबी दूरी के दिग्गज धावक सर मो फराह शुक्रवार से शुरू हुए आईएएएफ विश्व चैम्पियनशिप के लिए तैयार हैं। उन्हें उनकी स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक का पक्का दावेदार माना जा रहा है।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, मूलरूप से सोमालिया के निवासी फराह ने पिछले छह साल से 10,000 मीटर रेस पर अपना दबदबा बनाए रखा है।
फराह को सिर्फ 2011 में दक्षिण कोरिया में विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में इथोपिया के एथलीट इब्राहिम जेलान से अपना खिताब हारना पड़ा था।
अपनी फॉर्म को मजबूत करते हुए फराह ने 2013 मे मॉस्को में आयोजित हुए विश्व चैम्पियनशिप में 5,000 और 10,000 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 2015 में बीजिंग में भी दोनों वर्गो में अपने खिताब को बचाए रखा।
पिछले साल रियो डी जनेरियो में आयोजित ओलम्पिक खेलों में फराह ने दोनों 5,000 और 10,000 मीटर रेस में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
इस बीच, वह अपने कोच एल्बटरे सालाजार की प्रशिक्षण विधियों के कारण विवाद में फंसे रहे। सालाजार की प्रशिक्षण विधियों की जांच अमेरिका की डोपिंग रोधी एजेंसी (यूएएडीए) द्वारा की गई।
फराह अगर शुक्रवार को आईएएएफ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीत जाते हैं, तो वह ओलम्पिक खेलों, विश्व चैम्पियनशिप और यूरोपियन चैम्पियनशिप जैसी बड़ी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में लगातार 10 खिताब जीतने वाले एथलीट बन जाएंगे।
इस प्रतियोगिता में इथोपिया के अबादी हादिस और जेमाल यिमेर उनके सामने कड़ी चुनौती रख सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath