नेपीडा, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। म्यांमार के केंद्रीय बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ म्यांमार जुलाई 2016 से देश में अधिक विदेशी बैंकों को संचालन की अनुमति देगा। यह बात शुक्रवार को एक अधिकारी ने कही।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, बैंक जुलाई के शुरू से विदेशी बैंकों को प्रस्ताव प्रपत्र का वितरण करेगा।
इस साल सितंबर में इंडस्ट्रियल एंड कॉमर्शियल बैंक ऑफ चाइना (आईसीबीसी) और बैंक ऑफ चाइना ने यंगून में अपने प्रतिनिधि कार्यालय खोले। देश में इससे पहले भी कई विदेशी बैंकों के प्रतिनिधि कार्यालय खुल चुके हैं।
म्यांमार में 43 विदेशी बैंकों के प्रतिनिधि कार्यालय हैं। गत 50 सालों में पहली बार गत वर्ष अक्टूबर में इनमें से नौ को सेवा लाइसेंस दिया गया है, जिनमें आईसीबीसी भी शामिल है।
इन बैंकों को होलसेल बैंकिंग, विदेशी निवेश वाली कंपनियों और स्थानीय बैंकों को कर्ज देने की अनुमति दी गई है।
ये बैंक स्थानीय बैंकों के सहयोग से स्थानीय कंपनियों को सिंडिकेटेड ऋण भी दे सकते हैं।
म्यांमार निवेश आयोग के मुताबिक, म्यांमार में किसी विदेशी बैंक की शाखा खोलने से पहले उसे देश में एक प्रतिनिधि कार्यालय खोलना होता है।
देश में अभी करीब 25 स्थानीय निजी बैंक और चार सरकारी बैंक कार्यरत हैं।
dharmpath.com dharmpath