वाशिंगटन, 28 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने यमन में हौथी विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब के नेतृत्व में हालिया हवाई हमलों के प्रति अपना समर्थन जताया है।
व्हाइट हाउस से जारी एक बयान के अनुसार, ओबामा ने सऊदी शाह सलमान से बातचीत में यमन में सऊदी अरब और खाड़ी सहयोग परिषद के सदस्यों द्वारा की जा रही कार्रवाई के प्रति अमेरिका का समर्थन जताया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को जारी बयान में कहा गया कि ओबामा और सलमान ने इस पर सहमति जताई कि उनका उद्देश्य यमन में राजनीतिक समाधान के जरिये स्थाई शांति हासिल करना है।
अमेरिका में सऊदी अरब के राजदूत ने बुधवार को कहा था कि सऊदी अरब और उसके साथी खाड़ी देशों ने यमन में हौथी विद्रोहियों पर हवाई हमले शुरू किए हैं।
मध्य-पूर्व के कुछ देशों ने इस कार्रवाई का समर्थन किया है, लेकिन ईरान और कुछ अन्य देशों ने इसका विरोध करते हुए यमन के राजनीतिक संकट के समाधान के लिए बातचीत का रास्ता अपनाने की बात कही है।
dharmpath.com dharmpath