यमन में सैन्य अभियान रोकने का ईरान ने स्वागत किया

तेहरान, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। यमन में हौती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब के नेतृत्व वाले हवाई हमले रोकने के फैसले का ईरान ने स्वागत किया और यमन में राजनीतिक संकट को खत्म करने के लिए पक्षों के बीच बातचीत दोबारा शुरू होने की आशा जताई।

प्रेस टीवी के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मर्जीह अफखाम ने मंगलवार रात कहा, “निर्दोष और असहाय लोगों के कत्लेआम रोकने का फैसला बेशक आशा की किरण है।”

उन्होंने कहा, “हमने पहले भी घोषणा की थी कि यमन संकट का समाधान सैन्य अभियान से नहीं निकल सकता।”

ईरानी प्रवक्ता ने आशा जताई कि मानवीय सहायता भेजने के लिए जल्द से जल्द उपाय किए जाएंगे और देश में एक समावेशी सरकार के गठन के लिए यमन के सभी पक्षों के बीच बातचीत दोबारा शुरू होगी।

अफखाम ने यह भी कहा कि उन्हें आशा है कि सभी पक्ष स्थिति को बेहतर करने की दिशा में योगदान देंगे।

अफखाम का यह बयान यमन के खिलाफ रियाद के ‘ऑपरेशन डिसीव स्टॉर्म’ की समाप्ति और ‘ऑपरेशन रेस्टोरिंग होप’ की शुरुआत की घोषणा के बाद आया।

सऊदी अरब सरकार के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अहमद अल-आसिरी ने टेलीविजन पर प्रसारित एक बयान में कहा कि सऊदी अरब ने यमन के पूर्व राष्ट्रपति अब्द रब्बु मंसूर हादी के आग्रह पर हौती विद्रोहियों के खिलाफ शुरू किया गया ‘ऑपरेशन डिसीव स्टॉर्म’ रोक दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493