यहां कार्यरत पाकिस्तानी कलाकारों के पक्ष में नहीं : हेमा मालिनी

मुंबई, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री व सांसद हेमा मालिनी का कहना है कि वह भारत में काम कर रहे पाकिस्तानी कलाकारों के पक्ष में नहीं हैं।

हेमा ने बुधवार को ट्विटर पर कहा, “मैं कहना चाहती हूं कि मैं सौ फीसदी हमारे जवानों के साथ हूं जो हमारे देश के लिए लड़ रहे हैं और शहीद हो रहे हैं। मैं यहां काम कर रहे पाकिस्तानी कलाकारों के पक्ष में नहीं हूं।”

हेमा ने कहा, “हमारी सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक्स करके बेहद शानदार काम किया है और पूरे देश को उनका समर्थन करना चाहिए। कार्रवाई का सबूत क्यों मांग रहे हैं? ऐसा कभी नहीं सुना?”

हेमा ने मंगलवार को एक समारोह में पाकिस्तानी कलाकारों के काम की प्रशंसा की थी। हालांकि उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया था कि उन्हें भारत में काम करना चाहिए या नहीं।

भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध लगाने की बात पर मथुरा निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लोकसभा सदस्य ने कहा था, “मैं इस विवादास्पद प्रश्न पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहती। मैं केवल इतना ही कह सकती हूं कि हम कलाकार हैं और वहां (पाकिस्तान) से यहां प्रस्तुति देने आने वाले भी।”

हेमा ने कहा था, “बतौर कलाकार मैं उनके काम की प्रशंसा कर सकती हूं। लेकिन मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकती कि उन्हें यहां रहना चाहिए या नहीं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493