यह मेरा अंतिम विश्व कप : स्टेन

सिडनी, 27 फरवरी (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने शुक्रवार को कहा कि वह सम्भवत: अपने अंतिम विश्व कप में खेल रहे हैं।

स्टेन ने कहा कि अगली बार जब विश्व कप आयोजित होगा, तब वह 36 साल के हो चुके होंगे और एक तेज गेंदबाज होने के नाते वह खुद को उस समय की टीम में नहीं देखते। स्टेन ने सिडनी क्रिकेट मैदान पर शुक्रवार को वेस्टइंडीज के साथ जारी आईसीसी विश्व कप-2015 के पूल-बी मुकाबले से पहले आधिकारिक प्रसारणकर्ता स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत के दौरान यह बात कही।

स्टेन ने कहा, “मुझे सिडनी में हमेशा से खेलना पसंद रहा है। यह एक शानदार मैदान है। मुझे खुशी है कि मैं अपने करियर के अंतिम विश्व कप में सिडनी क्रिकेट मैदान पर खेल रहा हूं। मैं 32 साल का होने को हूं और अगले विश्व कप तक मेरी उम्र 36 साल हो जाएगी। एक तेज गेंदबाज का करियर इतना लम्बा नहीं खिंचता। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि यह मेरा अंतिम विश्व कप है।”

स्टेन ने आस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड को विश्व कप का बेहतरीन मेजबान करार दिया। सिडनी क्रिकेट मैदान से जुड़ी विश्व कप की यादों के बारे में पूछे जाने पर स्टेन ने कहा, “1992 विश्व कप में जब हमारी टीम यहां खेली थी, तब की अधिक यादें मेरे जेहन में नहीं हैं, क्योंकि मेरा करियर उसके दो साल बाद शुरू हुआ था। हां, इतना जरूर याद है कि इसी मैदान पर जोंटी रोड्स ने पाकिस्तान के इंजमाम उल हक को रन आउट किया था और वह रन आउट आज की तारीख में भी बेहतरीन फील्डिंग की मिसाल है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493