यात्री कारों की बिक्री 10 फीसदी बढ़ी

नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। जुलाई में यात्री कारों की बिक्री में 9.62 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह कुल 1,77,604 इकाई रही, जबकि पिछले साल समान अवधि में यह 1,62,022 इकाई थी।

समीक्षाधीन महीने में यूटिलिटी वाहनों की बिक्री में 41.85 फीसदी की जबरदस्त वृद्धि देखी गई और यह कुल 64,105 इकाई रही, जबकि वैन की बिक्री में 18.61 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 17,976 इकाई रही।

सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैनुफैक्चर्स (सियाम) के मुताबिक, यात्री कारों जिसमें कार, यूटिलिटी वाहन और वैन आदि शामिल हैं, की पिछले महीने में 16.78 फीसदी अधिक बिक्री हुई और यह 2,59,685 इकाई रही।

उद्योग के आंकड़ों से यह जानकारी मिली कि वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में मामूली 0.11 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। यह खंड देश की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख संकेतक है।

वाणिज्यिक वाहनों के खंड में जुलाई 2016 में कुल 51,853 इकाई की बिक्री हुई।

तिपहिया वाहनों की बिक्री में भी अच्छी तेजी देखी गई और इसमें 2.10 फीसदी की तेजी रही और पिछले महीने कुल 46,098 इकाइयों की बिक्री हुई।

वहीं, दोपहिया वाहनों (जिसमें स्कूटर, मोटरसाइकिल और मोपेड शामिल है) की बिक्री में 13.52 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 14,76,340 इकाई रही।

जुलाई में सभी वाहनों की बिक्री में 13.22 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 18,33,976 इकाई रही, जबकि पिछले साल जुलाई में यह 16,19,771 इकाई थी।

ऑटो विशेषज्ञ और प्राइस वाटरहाउस के साझेदार अब्दुल मजीद ने बताया, “भारतीय वाहन उद्योग अब पटरी पर लौट रहा है। छोटी कारों और कॉम्पैक्ट स्पोर्ट यूटिलिटी (एसयूवी) की अच्छी बिक्री हो रही है और पहली बार कार खरीदनेवाले लोग भी इसे पसंद कर रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493