नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। यात्री वाहनों की घरेलू बिक्री में मार्च के महीने में 9.96 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। उद्योग के आंकड़ों से मंगलवार को यह जानकारी मिली।
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैनुफैक्चर्स (सियाम) के मुताबिक मार्च में यात्री वाहनों की कुल बिक्री (जिसमें कार, उपभोक्ता सेवा वाहन और वैन आदि शामिल हैं) 2,82,519 वाहनों की रही, जबकि पिछले साल मार्च में यह 2,56,920 वाहन थी।
समीक्षाधीन अवधि में उपखंड के आधार पर यात्री वाहनों की बिक्री में 8.17 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ कुल 1,90,065 वाहनों की बिक्री हुई, जबकि साल 2016 के मार्च में कुल 1,75,709 वाहनों की बिक्री हुई थी।
समीक्षाधीन माह में उपभोक्ता सेवा वाहनों की बिक्री में भारी तेजी देखी गई और यह पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 20.91 फीसदी अधिक रही और कुल 77,689 वाहनों की बिक्री हुई। हालांकि, वैन की बिक्री में 12.94 फीसदी की गिरावट आई और कुल 14,765 वाहनों की बिक्री हुई।
dharmpath.com dharmpath