युनाइटेड के सार्वकालिक सर्वोच्च गोल स्कोरर बने रूनी

स्टेफोर्डशायर (इंग्लैंड), 22 जनवरी (आईएएनएस)। इंग्लैंड फुटबाल क्लब और दिग्गज इंग्लिश प्रीमियर क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के कप्तान वेन रूनी ने युनाइटेड के लिए सर्वाधिक गोल करने का इतिहास रच दिया।

रूनी ने शनिवार देर रात स्टोक सिटी के खिलाफ खेले गए इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के मैच में अखिरी क्षणों में युनाइटेड के लिए गोल कर यह इतिहास रचा। युनाइटेड के लिए रूनी का यह 250वां गोल था।

इसके साथ ही रूनी ने युनाइटेड के महानतम खिलाड़ी बॉबी चार्लटन के 249 गोलों के 44 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर नया कीर्तिमान रचा।

बीबीसी के मुताबिक, इंजुरी टाइम में किए गए रूनी के गोल की बदौलत युनाइटेड ने स्टोक सिटी से यह मैच 1-1 से ड्रॉ कर लिया। मैच के पहले हाफ में युनाइटेड के आत्मघाती गोल से स्टोक सिटी को 1-0 से बढ़त मिल गई थी।

उल्लेखनीय है कि चार्लटन ने 1956-1973 के दौरान युनाइटेड के लिए 758 मैचों में 249 गोल दागे थे, वहीं रूनी ने क्लब के लिए अपने 546वें मैच में 250 गोल पूरे किए।

रूनी की प्रशंसा करते हुए चार्लटन ने युनाइटेड क्लब की वेबसाइट पर जारी संदेश में कहा, “मेरे लिए यह कहना झूठ होगा कि मैं इस रिकॉर्ड के टूटने से निराश नहीं हूं। मैं यही कह सकता हूं कि मैं रूनी के लिए खुश हूं। इतिहास के पन्नों में उनका नाम दर्ज होने योग्य है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493