मुंबई, 3 जनवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड के ‘शहंशाह’ अमिताभ बच्चन को जवानी के दिनों में युवा अभिनेत्रियों के साथ फिल्में न कर पाने का मलाल है।
अमिताभ पिछली बार राम गोपाल निर्देशित ‘निशब्द’ में अपने से बेहद कम उम्र की अभिनेत्री जिया खान(दिवंगत) के साथ एक रोमांटिक भूमिका में नजर आए थे। उन्हें अपनी भूमिका के लिए कड़ी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा था।
शनिवार को यह पूछे जाने पर कि आप नई अभिनेत्रियों के साथ काम करने के इच्छुक हैं? अमिताभ ने जवाब में कहा, “हमने एक बार ‘निशब्द’ में ऐसा करने की कोशिश की और यह असफल रही, क्योंकि वे (दर्शक) इस सच्चाई को हजम नहीं कर सकते कि 60 वर्षीय व्यक्ति 18 वर्षीया युवती से नजदीकी बढ़ाए।”
अमिताभ ने कहा, “मैं फिल्म में मेरी प्रेमिका के रूप में युवा पीढ़ी की किसी युवा अभिनेत्री के साथ काम नहीं करने वाला हूं, वो समय बीत गया है। मुझे इसका अफसोस है कि काश यह अभिनेत्रियां मेरे साथ तब काम करती, जब मैं फिल्मों में मुख्य नायक की भूमिका में हुआ करता था। लेकिन यह अब नहीं होगा।”
महानायक ‘चीनी कम’ में अपने से आधी या उससे भी बहुत कम की अभिनेत्री तब्बू, ‘ब्लैक’ में रानी मुखर्जी और ‘बुड्ढा..होगा तेरा बाप’ में रवीना टंडन व चार्मी कौर के साथ काम चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath