लंदन, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। इंग्लैंड फुटबाल संघ (एफए) ने यूरोपियन फुटबाल महासंघ (यूईएफए) के अध्यक्ष पद के लिए नीदरलैंड्स फुटबाल प्रमुख माइकल वान प्राग के प्रति अपना समर्थन जाहिर कर दिया।
समाचार चैनल ‘बीबीसी’ के अनुसार, मंगलवार को एफए के उपाध्यक्ष डेविड गिल ने कहा, “यूरोपियन फुटबाल को एक सशक्त नेतृत्व की जरूरत है और वान में इसकी क्षमता है।”
गिल ने कहा, “कुल मिलाकर घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय फुटबाल में वान प्राग का ट्रैक रिकॉर्ड शानदार रहा है, जो यूईएफए को प्रगति के पथ पर ले जाने में मददगार साबित होगा।”
स्पेनिश फुटबाल संघ के अध्यक्ष एंजेल मारिया विल्लार लोना के यूईएफए अध्यक्ष पद की दौड़ से अपना नाम वापस लेने के बाद यह घोषणा हुई है।
वान प्राग 2008 के बाद से ही नीदरलैंड्स फुटबाल संघ के अध्यक्ष हैं और यूरोपियन फुटबाल संघ की गवर्निग बॉडी के उपाध्यक्ष भी हैं।
वान प्राग को स्लोवेनिया फुटबाल संघ के अध्यक्ष एलेक्सांदर सेफेरिन की चुनौती का सामना करना होगा। यूईएफए के चुनाव 14 सितंबर को होने हैं।
पूर्व अध्यक्ष फ्रांस के माइकल प्लाटिनी के 9 मई को इस्तीफा देने के बाद से यूईएफए अध्यक्ष पद रिक्त चल रहा है। प्लाटिनी को भ्रष्टाचार के मामले में फीफा ने फुटबाल की सभी गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया, जिसके बाद प्लाटिनी को अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा।
dharmpath.com dharmpath