यूईएफए के खिलाफ अपील करेगा बार्सिलोना

मेड्रिड, 27 जुलाई (आईएएनएस)। स्पेनिश फुटबाल क्लब एफसी बार्सिलोना के अध्यक्ष जोसेप मारिया बाटरेमेयू ने यूरोपीय फुटबाल संघ (यूईएफए) द्वारा क्लब पर लगाए गए 30,000 यूरो के जुर्माने के खिलाफ अपील करने की पुष्टि की है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, पिछले सत्र में बर्लिन में हुए चैम्पियंस लीग के फाइनल मैच में बेहतरीन माहौल के लिए बार्सिलोना के प्रशंसकों की यूईएफए ने जमकर सराहना की थी, इसके बावजूद प्रशंसकों द्वारा कैटालोनिया की स्वतंत्रता के समर्थन में झंडे लहराने पर यूईएफए ने क्लब पर जुर्माना लगा दिया।

मैच के दौरान झंडा लहराना अवैध न होने के बावजूद यूईएफए ने अपने नियम 16.2 के तहत बार्सिलोना पर जुर्माना लगा दिया।

बाटरेमेयू ने कहा, “बार्सिलोना हमेशा से अभिव्यक्ति की आजादी के पक्ष में रहा है और अपने क्लब के सदस्यों पर कभी भी अपने विचार रखने पर पाबंदी नहीं लगाई, चाहे वह हमारे अपने स्टेडियम हों या हम कहीं बाहर के दौरे पर हों।”

उन्होंने कहा, “बार्सिलोना यूईएफए द्वारा लगाए गए जुर्माने से सहमत नहीं है और मामले पर पुनर्विचार के लिए कहेगा। हम अपने प्रशंसकों का समर्थन करेंगे और अभिव्यक्ति की आजादी के पूरे पक्ष में हैं, जिसे 115 वर्ष पहले क्लब की स्थापना के बाद से ही देखा जा सकता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493