नई दिल्ली, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी यूनीनॉर ने बुधवार को कहा कि उसने देश में अपना नाम बदलकर टेलीनॉर कर दिया है।
टेलीनॉर समूह के एशिया क्षेत्र के प्रमुख मोर्टेन सोर्बी ने कहा, “यूनीनॉर अब टेलीनॉर हो गया है। ब्रांड बदलने से अपने ग्राहकों और शेयरधारकों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का पता चलता है।”
नए नाम को जनमानस में स्थापित करने के लिए कंपनी 100 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
नॉर्वे की कंपनी टेलीनॉर ने भारत में 2009 में कदम रखा था। शुरू में इसने रियल्टी कंपनी यूनीटेक से साझेदारी की थी, जो 2012 में कारोबार से बाहर निकल गया। इसके बाद कंपनी टेलीविंग्स के नाम से कारोबार करने लगी। 2014 में टेलीनॉर ने कंपनी की 100 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली।
टेलीनॉर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक सूद ने कहा, “हमारे पास 4.755 करोड़ ग्राहक हैं। सिर्फ चार साल में हम लाभ में पहुंच चुके हैं।”
और अधिक स्पेक्ट्रम खरीदने की योजना पर सूद ने कहा, “हम और अधिक स्पेक्ट्रम चाह रहे हैं। यह कंपनी को अगले मुकाम पर ले जाने के लिए जरूरी है। हम नीलामी, खरीद-बिक्री, साझेदारी या विलय तथा अधिग्रहण से स्पेक्ट्रम हासिल कर सकते हैं।”
dharmpath.com dharmpath