चेन्नई, 25 अगस्त (आईएएनएस)। अब 21 बैंकों के एप से खाते का विवरण डाले बगैर केवल मोबाइल नंबर और स्मार्टफोन से तत्काल पैसों का लेन-देन किया जा सकेगा।
भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनसीपीआई) ने गुरुवार को यह जानकारी दी कि 21 बैंको के ग्राहकों के लिए एकीकृत भुगतान इंटरफेस को लाइव कर दिया है।
इस एप के माध्यम से आप अपने रिश्तेदार या दोस्त को बिना बैंक डिटेल के पैसे भेज सकते हैं। आप उनसे पैसे मंगा भी सकते हैं। पैसा भेजने के अलावा इस एप की मदद से आपको बिल पेमेंट, ऑनलाइन शॉपिंग, खरीदारी के लिए नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एनसीपीआई के मुताबिक गूगल प्ले स्टोर पर अगले तीन दिनों में 21 बैंकों के ये एप उपलब्ध करा दिया जाएगे। इनमें आंध्रा बैंक, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, भारतीय महिला बैंक, केनरा बैंक, कैथोलिक सीरियन बैंक, डीसीबी बैंक, फेडरल बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टीजेएसबी सहकारी बैंक, ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, कर्नाटक बैंक, यूको बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, साउथ इंडियन बैंक, विजया बैंक और यस बैंक।
एनपीसीआई के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए.पी. होता ने एक बयान जारी कर कहा, “यह एक महत्वपूर्ण सफलता है। मोबाइल फोन से पैसे भेजने और पैसे मंगाने की सुविधा दुनिया में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर शुरू की गई है।”
dharmpath.com dharmpath