कोलंबो, 5 फरवरी (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू) ने श्रीलंका से मछली के निर्यात पर लगा प्रतिबंध अभी नहीं हटाया है। प्रतिबंध 14 जनवरी को श्रीलंका पर गहरे जल में मछली पकड़ने से संबंधित अंतर्राष्ट्रीय नियमों के उल्लंघन के आरोप में लगाया गया था।
यहां यूरोपीय संघ के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यूरोपीय आयोग (ईसी) ने पिछले सप्ताह ब्रसेल्स में श्रीलंका के विदेश मंत्री मंगला समरवीरा के साथ इस मुद्दे पर बेहद रचनात्मक वार्ता की थी।
यूरोपीय संघ ने कहा कि इस बात पर सहमति बनी है कि श्रीलंका अपने मत्स्य पालन क्षेत्र के प्रबंधन और नियमन को मजबूत करने के लिए कई कड़े कदम उठाएगा।
यूरोपीय संघ ने कहा, “एक बार जब यूरोपीय आयोग श्रीलंका द्वारा उठाए गए कदमों से संतुष्ट हो जाएगा, तो यह प्रतिबंध हटाया जा सकेगा और यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के साथ श्रीलंका मत्स्य व्यापार कर सकेगा। तब तक, मछली के निर्यात पर प्रतिबंध जारी रहेगा।”
dharmpath.com dharmpath