वारसॉ, 10 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने यूरोप की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपने सहयोगी देशों की रक्षा के लिए दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का वादा किया। नाटो शिखर सम्मेलन में अंतिम बार भाग लेते हुए ओबामा ने यह बात कही। अगले साल जनवरी में उनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, शनिवार को वारसॉ नाटो शिखर सम्मेलन के समापन के बाद अपने एकल संवाददाता सम्मेलन के दौरान ओबामा ने कहा कि गठबंधन अपनी रक्षा क्षमताओं और शक्ति संतुलन को मजबूत कर रहा है और यह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि वह अपने सदस्यों को सुरक्षा देने जा रहा है।
ओबामा ने कहा, “जो कभी नहीं बदलेगी वह है यूरोप की रक्षा और सुरक्षा के प्रति अटल अमेरिकी प्रतिबद्धता।”
उन्होंने याद दिलाया कि गठबंधन अपनी सामूहिक रक्षा के सुदृढ़ीकरण और पोलैंड एवं बाल्टिक राज्यों में बलों की तैनाती पर सहमत था।
ओबामा ने यूक्रेन का उल्लेख करते हुए कहा कि “हमारे 28 देश हमारे इस विचार से सहमत हैं कि रूस के साथ सामान्य रूप से कोई व्यवसाय तब तक नहीं हो सकता है, जब तक वह अपने मिंस्क दायित्वों को पूर्णरूपेण क्रियान्वित नहीं करता है।” उन्होंने स्मरण दिलाया कि नाटो यूक्रेन को अपने समर्थन की पुष्टि करता है।
यूरोपीय संघ छोड़ने के लिए ब्रिटेन में हुए जनमत संग्रह को लेकर उन्होंने उम्मीद जताई कि अर्थव्यवस्था को कम से कम नुकसान पहुंचाते हुए संघ से ब्रिटेन का बहिर्गमन यथासंभव विवेकपूर्ण हो सकता है।
ब्रिटेन के मित्र, साथी और व्यापारिक साझेदार के रूप में ओबामा ने व्यवस्थित वार्ता प्रक्रिया और भविष्य में यथासंभव घनिष्ठ संबंधों की कामना की।
dharmpath.com dharmpath