स्कोपजे (मैसीडोनिया), 9 सितम्बर (आईएएनएस)। गत विजेता स्पेन ने मकदूनिया को हराकर फुटबाल प्रतियोगिता यूरो कप-2016 में अपनी जगह पक्की करने की तरफ एक कदम और बढ़ गया है।
ईएफई की रपट के मुताबिक, इस जीत के साथ ग्रुप सी में स्पेन की टीम के आठ मैचों से 21 अंक हो गए हैं और वह ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गई है। नौ अक्टूबर को लक्जमबर्ग में होने वाले मैच में जीत मिलने पर वह अपने ग्रुप में शीर्ष पर ही रहेगी।
मकदूनिया का स्थान ग्रुप सी में आखिरी है। मंगलवार को हुआ मुकाबला पहले से ही बराबरी का नहीं माना जा रहा था। ऐसे में मकदूनिया की टीम ने पूरा जोर स्पेन को उसके परंपरागत आक्रामक खेल से रोककर गोल से वंचित करने पर लगाया। इसका असर नतीजे पर देखा जा सकता है। स्पेन मकदूनिया को 1-0 से ही मात दे सका।
मैच का एकमात्र गोल आठवें मिनट में हुआ। प्रेडो की जगह मैदान पर उतरे जुआन माटा का एक क्रास शाट गोलपोस्ट से टकराकर गोलकीपर टोम पाकोव्सकी के सिर को छुता हुआ गोल में समा गया।
पाकोव्सकी अपनी ही टीम पर गोल करने से भी बाल-बाल बचे। दानी कारवाजाल के एक शाट को वह ठीक से पकड़ नहीं सके। लेकिन, गेंद गोलपोस्ट से टकराकर बाहर चली गई।
मध्यांतर के बाद मकदूनिया ने थोड़ा जोर लगाया, लेकिन जल्द ही खेल पर स्पेन ने अपनी गिरफ्त बना ली।
जोश से भरे डियागो कोस्टा ने स्पेन की तरफ से मकदूनिया पर एक के बाद दूसरे धावे बोले। लेकिन, खतरनाक तरीके से विपक्षी खिलाड़ी को रोकने की वजह से उन्हें पीला कार्ड दिखाया गया। वह लक्जमबर्ग के साथ मैच नहीं खेल सकेंगे।
dharmpath.com dharmpath