‘यूरो 2016 किसी भी हाल में रद्द नहीं होना चाहिए’

पेरिस, 15 नवंबर (आईएएनएस)। यूरो 2016 की आयोजन समिति के प्रमुख ने कहा है कि यह सच है कि पेरिस पर शुक्रवार को हुए आतंकवादी हमलों के बाद इस टूर्नामेंट पर भी हमले का खतरा मंडराने लगा है, इसके बावजूद इसे रद्द नहीं किया जाना चाहिए।

पेरिस पर हुए हमलों में 129 लोगों के मारे जाने की खबर है। आतंकवादियों ने फ्रांस की राजधानी में कई स्थानों पर हमले किए।

फ्रांस को अगले साल यूरोप में फुटबाल की सबसे बड़ी प्रतियोगिता यूरो चैम्पियनशिप की मेजबानी करनी है।

यूरो 2016 की आयोजन समिति के प्रमुख जैक्स लैम्बार्ट ने स्थानीय मीडिया से कहा, “जनवरी में यूरो कप के आयोजन के समय हमले का खतरा होगा, लेकिन इसे रद्द नहीं किया जाना चाहिए। हम इसे पूर्ण सुरक्षित हालात में कराने का पूरा प्रबंध करेंगे। अगर यह रद्द होता है तो यह आतंकवादियों की जीत होगी।”

जब पेरिस में शुक्रवार को कई सिलसिलेवार हमले हुए थे, तब एक हमला नेशनल स्टेडियम के बाहर भी हुआ था। उस समय फ्रांस और जर्मनी की टीमें दोस्ताना मैच खेल रही थीं।

उस मैच में फ्रांस ने जर्मनी को 2-0 से हराया था। फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद उस समय 80 हजार दर्शकों के साथ स्टेडियम में ही मौजूद थे। हमले के बाद सुरक्षाकर्मियों ने ओलांद को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493